बरेली । पावन कार्तिक मास की पुण्य बेला में रामगंगा नदी के पवित्र तट पर आयोजित होने वाले आस्था के प्रतीक कार्तिक मेला चौबारी के शुभारंभ अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, बरेली द्वारा मेला स्थल पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी का शुभारंभ माननीय विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र शर्मा एवं जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने फीता काटकर किया।
यह प्रदर्शनी 20 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं आमजन को केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आकर्षक चित्रों एवं सूचनात्मक पैनलों के माध्यम से दी जा रही है।
प्रदर्शनी में किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों, गरीबों एवं आम नागरिकों के हित में संचालित योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
किसानों की खुशहाली और कृषि क्षेत्र को मजबूती
प्रदर्शनी में बताया गया कि प्रदेश में 16 लाख से अधिक किसानों के बिजली बिल माफ किए गए हैं, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए राहत मिली और कृषि कार्यों को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ। सरकार द्वारा किसानों की आय एवं कृषि क्षेत्र की समृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया है।
रोजगार का उपहार, युवाओं के साथ सरकार
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया गया कि निजी क्षेत्र एवं एमएसएमई के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है। इसके साथ ही 44 हजार से अधिक महिलाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया गया है।
कुशल युवा, सक्षम प्रदेश आगे बढ़ता उत्तर प्रदेश
एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत 10 हजार से अधिक हितग्राहियों को विपणन सहायता उपलब्ध कराई गई है तथा 43 कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत 22 हजार से अधिक उद्यमियों को 1,019 करोड़ रुपये से अधिक की मार्जिन मनी वितरित की गई तथा 4.6 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया।
प्रदर्शनी में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सूर्य सखियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए प्रदेश में 36,800 से अधिक स्वास्थ्य साथियों की सक्रिय भूमिका को भी प्रदर्शित किया गया है।
बेटियां सबल, विकास अविरल
महिलाओं एवं बेटियों के कल्याण के लिए संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से पात्र ग्रामीण परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना, महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा महिला हेल्पलाइन 181 के माध्यम से हिंसा पीड़ित महिलाओं को सहायता एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था को प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।
पहले था डर, आज अपना घर
प्रदर्शनी में माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की पहल को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके माध्यम से पात्र परिवारों को सुरक्षित आवास एवं बेहतर जीवन का अवसर प्रदान करने की जानकारी दी गई है।
मिशन शक्ति : नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन
महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत पुलिस विभाग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, महिला हेल्पलाइन तथा वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी दी गई है। बताया गया कि मिशन शक्ति के तहत पुलिस में 44 हजार से अधिक महिलाओं की भर्ती की गई है तथा 20 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए हैं। प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया है।
प्रदेश में 16,169 विद्युत सखियां सक्रिय हैं, जिनके माध्यम से 3,720 करोड़ रुपये से अधिक की विद्युत बिल राशि का संकलन किया गया है। वहीं 124 वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से 3.18 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। महिला हेल्पलाइन 181 के अंतर्गत 9.71 लाख महिलाओं को सहायता प्रदान की जा चुकी है।
विरासत का मान, विकास का अभियान
प्रदर्शनी में प्रदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी दर्शाया गया है। इसमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा एवं ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं रंगोत्सव को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली छह लेन सड़कों के निर्माण की जानकारी दी गई है।
इसके साथ ही स्थानीय व्यंजनों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग को बढ़ावा देने तथा एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत प्रदेश के 81 उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त होने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
काम दमदार, डबल इंजन सरकार
प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को भी स्थान दिया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1.86 करोड़ परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को आच्छादित किए जाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना एवं माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर आवास निर्माण के माध्यम से 69 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य, लाभ एवं उपलब्धियों से परिचित कराने के साथ ही पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, उप जिलाधिकारी सदर इशिता किशोर सहित संबंधित अधिकारीगण एवं मेला संयोजक उपस्थित रहे।


























































































