बरेली। विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद एवं यूथ पार्लियामेंट 2027 के तहत माय भारत बरेली की ओर से गुरुवार को महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय सभागार में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ रही। प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर तीन-तीन मिनट के वक्तव्य के माध्यम से नशामुक्त भारत और विकसित राष्ट्र के निर्माण पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में राहुल भट्ट ने प्रथम, अभय सिंह ने द्वितीय और शिवांश शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद उपनिदेशक माय भारत पुष्पा सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्रुति गंगवार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएंगे। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।
उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संसदीय परंपराओं से जोड़ना है। युवा अपनी प्रतिभा और विचारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने ‘नशा नाश की जड़ है भाई, इससे तौबा कर लो भाई’ और ‘सबका फैसला, आओ नशामुक्त भारत बनाएं’ जैसे नारों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर पढ़ाई, खेल, संगीत, व्यापार और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. एके सिंह, प्रो. आशुतोष प्रिया, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. आभा त्रिवेदी और मोहम्मद अकरम खान शामिल रहे। यूथ आइकॉन एवं नेशनल यूथ पार्लियामेंट स्पीकर इनाम खान ने भी युवाओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राहुल भट्ट, द्वितीय स्थान पर रहे अभय सिंह और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले शिवांश शर्मा को सम्मानित किया गया। अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। जिला स्तर पर चयनित तीनों प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित एवं राज्य स्तरीय प्रशिक्षक अजय राज शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में माय भारत वॉलंटियर आदित्य भारद्वाज, अनामिका, आकांक्षा, संगीता, आरती, विपिन, चमन प्रकाश, सेतपाल, आलोक पटेल, गजेंद्र, जसवंत सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।
नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ गूंजा युवा संसद का मंच, राहुल भट्ट रहे प्रथम

6.9K views

























































































