बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की आमद के साथ ही मेले की रौनक बढ़ने लगी है। ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा तट पर हर-हर गंगे और निर्मल गंगे के जयघोष गूंज रहे हैं। दूरदराज से पहुंचे श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। हालांकि, गंगा में जलस्तर कम होने के कारण श्रद्धालुओं को स्नान करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि पर्याप्त पानी न होने से ठीक से डुबकी भी नहीं लग पा रही है। उन्होंने मेला प्रशासन से गंगा में जल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए शीघ्र प्रभावी प्रयास करने की मांग की है।
मेले के पूर्वी और पश्चिमी दोनों छोरों पर श्रद्धालुओं ने अपने टेंट और तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं। कुर्मियान क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने डेरे जमा लिए हैं। निजी वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डनलप से दिन-रात श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई परिवारों ने अपने टेंटों के आसपास बाउंड्री बनाकर उन्हें आकर्षक ढंग से सजाया है। वर्षों से मेला ककोड़ा आने वाले श्रद्धालु परंपरागत रूप से खिचड़ी भोज का आयोजन कर रहे हैं। उनका कहना है कि मेले में पहुंचने के बाद सबसे पहले मां गंगा को खिचड़ी का भोग लगाया जाता है। साधु-संतों और महात्माओं के तंबू भी सज चुके हैं। अनेक श्रद्धालु गंगा तट पर कल्पवास कर पूजा-पाठ में जुट गए हैं।
गंगा तट पर लड्डू, प्रसाद और इलायची दाने की दुकानें सजने लगी हैं। जलेबी और खजले की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ दिखाई देने लगी है। श्रद्धालुओं के पहुंचने से कंडे, मिट्टी के चूल्हे और धान के पुआल की खरीदारी भी बढ़ गई है। मेले में मीना बाजार आकार लेने लगा है। परचूनी सहित अन्य जरूरी सामान की दुकानें खुल चुकी हैं और दुकानदार अपनी दुकानों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मेला प्रशासन की ओर से गंगा तट पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम तैयार करा दिए गए हैं। उठाईगीरों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वॉच टावर भी बनाए गए हैं। अग्निशमन विभाग ने गंगा तट के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के साथ मुख्य द्वार के पास अग्निशमन चौकियां स्थापित की हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासनिक और शासकीय अधिकारियों के टेंट तैयार हो चुके हैं। जनप्रतिनिधियों के शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
मेले के मुख्य द्वार को बांस-बल्लियों से तैयार किया जा रहा है। 23 नवंबर को मुख्य अतिथि द्वारा फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य गंगा स्नान होगा। इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। मिट्टी डालकर मंच तैयार किया जा रहा है, जहां भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से संबंधित लीलाओं का मंचन होगा। इसके अलावा जादूगर और कठपुतली के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कुल मिलाकर श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद के साथ मिनी कुंभ मेला ककोड़ा पूरी तरह मेले के रंग में रंगने लगा है।


























































































