बरेली। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की रमा एकादशी पर बृहस्पतिवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया। कोलकाता, बेंगलुरु और शिमला से मंगाए गए फूलों से बाबा का दरबार सजाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। फूलों से सजे दिव्य दरबार की झलक पाने के लिए शहर के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।
मंदिर की तरफ से कराई गई श्रृंगार सेवा
बाबा श्याम की विशेष श्रृंगार सेवा मंदिर प्रबंधन की ओर से कराई गई। मंदिर महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि रमा एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार कराया गया और विशेष पूजा-अर्चना की गई।
भक्तों की आस्था से जुड़ी हैं मान्यताएं
महंत सुशील पाठक ने बताया कि बाबा श्याम के दरबार में दूर-दराज से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर हाजिरी लगाते हैं। कई भक्तों ने अपनी मन्नतें पूरी होने के अनुभव भी साझा किए। किसी ने संतान सुख की प्राप्ति, तो किसी ने असाध्य बीमारियों से राहत और व्यापार में उन्नति मिलने की बात कही।
भजनों पर झूम उठा पूरा दरबार
शाम को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक सोनल चंचल, शिवम शर्मा, मारुति शर्मा और मोहन दीवाना ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। गुरु वंदना, गणेश वंदना और मां सरस्वती की स्तुति के बाद बाबा श्याम का गुणगान शुरू हुआ। अमरीश कठेरिया और आनंद के ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने लगे।
सुर और ताल की जुगलबंदी ने बांधा समां
भजन संध्या में ऑर्गन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर अनमोल और पैड पर दिव्यांश ने शानदार संगत की। साउंड व्यवस्था की जिम्मेदारी विपिन कश्यप ने संभाली। संगीत और भजनों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
मनोकामना पूर्ण होने पर भक्तों ने की सेवा
मन्नत पूरी होने पर कई श्रद्धालुओं ने मंदिर में विभिन्न व्यवस्थाओं और सुविधाओं के लिए सहयोग सामग्री भेंट की।
सैकड़ों श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर मोनू-कामिनी पाल, संजय आयलानी, अनुपम टीबड़ेवाल, निशीश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता, कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोड़ा, पवन मौर्य, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, माही, ममता, मीनू-राजेंद्र भसीन, अंकुर गुप्ता, काजल-जगमोहन प्रजापति, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, अनूप मिश्रा, भगवानदास, अभिषेक शर्मा, पुनीत मिश्रा, डॉली सक्सेना, इंद्रेश, अभिषेक, आदित्य, राजकुमार, अंकुर कश्यप, विपिन कश्यप, सचिन और विशाल समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।


























































































