बदायूं। यातायात माह नवंबर के अंतर्गत आरटीएम सोसायटी फॉर सोशल डेवलपमेंट की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस एवं कोरल मोटर्स मारुति सुजुकी एरीना के सहयोग से पुलिस लाइन चौराहा स्थित भामाशाह चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके न केवल हम अपनी जान बचा सकते हैं, बल्कि अपने परिवार को भी सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक मनोज कुमार और यातायात निरीक्षक आरएल राजपूत सहित यातायात पुलिस के कर्मचारी मौजूद रहे। यातायात निरीक्षक मनोज कुमार ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करना बेहद जरूरी है। उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी अपील की। कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। कंपनी की ओर से सेल्स महाप्रबंधक शैलेंद्र चेतल और बदायूं शाखा प्रमुख प्रणव अग्रवाल का सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यातायात अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में आरटीएम सोसायटी फॉर सोशल डेवलपमेंट की निदेशक रिदा तनवीर, मुशीर अली, अधिवक्ता अजहरुद्दीन, मजहर, अंश पटेल, लोकेश पटेल, आजम, नसीम, सैम, मारिफ और अबीर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अभियान के माध्यम से ‘दुर्घटना मुक्त बदायूं बनाएं, मिलकर बनाएं सुरक्षित समाज’ का संदेश दिया गया। संस्था ने भविष्य में भी समाजहित और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
आरटीएम सोसायटी ने चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, सदर विधायक ने बांटे हेलमेट

6.3K views

























































































