बदायूं: जनपद में माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं को सुचारू तथा नकल विहीन कराने हेतु डीएम ने निर्देशित किया कि उप जिलाधिकारी प्रस्तावित 103 परीक्षा केन्द्रों का अपने अपने तहसील क्षेत्र में परीक्षण कर दो दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर फाइनल मोहर लगाई जा सके।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी अवनीश राय ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं हेतु प्रस्तावित परीक्षा केन्द्रों के संबंध में बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी विवादित विद्यालय को परीक्षा केन्द्र न बनाया जाए। एसडीएम परीक्षण करलें कि विद्यालय परीक्षा की दृष्टि से तथा सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से ठीक हो। भवन की स्थिति बेहतर हो, ऐसे विद्यालयों को ही परीक्षा केन्द्र बनाया जाए। किसी भी दशा में किसी डिबार परीक्षा केन्द्र को सूची में शामिल न किया जाए।
किस तहसील में कितने परीक्षा केन्द्र प्रस्तावित– यूपी बोर्ड की परीक्षा हेतु वर्ष 2027 के लिए तहसील सदर में 41, बिल्सी 21, बिसौली 18, दातागंज 17 सहसवान 06 कुल 103 परीक्षा केन्द्र प्रस्तावित हैं। इन परीक्षा केन्द्रों के संबंध में जब तहसीलवार ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई थी तो तहसील सदर में 38, बिल्सी 13, बिसौली 16, दातागंज 13 सहसवान 01 कुल 81 आपत्तियां प्राप्त हुईं।
वर्ष 2027 में पंजीकृत छात्र- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2027 हेतु जनपद में हाईस्कूल के संस्थागत/व्यक्तिगत छात्र एवं छात्राएं 37578 तथा इंटरमीडियट संस्थागत एवं व्यक्तिगत के 30457 कुल 68035 छात्र एवं छात्राएं पंजीकृत हैं जबकि गत वर्ष 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 67945 छात्र एवं छात्राएं पंजीकृत थे। गत वर्ष के सापेक्ष वर्ष 2027 में 90 छात्र एवं छात्राएं अधिक हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव सहित उप जिलाधिकारीगण एवं समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
एसडीएम को दो दिन की मोहलत, परीक्षा केन्द्रों का परीक्षण कर रिपोर्ट देंउत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं हेतुप्रस्तावित 103 परीक्षा केन्द्रों के संबंध में समिति की बैठक आयोजित

6.9K views

























































































