बदायूं। जनपद के दातागंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। कस्बा दातागंज के वार्ड नंबर 13, पंजाबी गली निवासी लव गुप्ता पुत्र सर्वेश कुमार गुप्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह पर अभद्रता, मारपीट और जबरन समझौता कराने का दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को शाम करीब पांच बजे लव गुप्ता का रेडमी पैड प्रो 5G टैबलेट उनके घर से चोरी हो गया था। आरोप है कि घटना की शिकायत कोतवाली में करने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने 22 अक्टूबर को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। लव गुप्ता का आरोप है कि 25 अक्टूबर को उदित सैनी, पृथ्वी विजय सैनी और उनके साथी विजय सैनी उनके घर पहुंचे, जहां टैबलेट को लेकर विवाद हुआ। इस मामले में पुलिस ने संबंधित लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन अगले दिन 26 अक्टूबर को उन्हें छोड़ दिया गया। पीड़ित के मुताबिक, उदित सैनी ने टैबलेट दस हजार रुपये में खरीदे जाने की बात भी कही थी। शिकायत में आगे बताया गया है कि 27 अक्टूबर को उदित सैनी पीड़ित को दूसरे मोहल्ले में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि लात-घूंसों से पीटकर उसे घायल कर दिया गया। इसके बाद जब लव गुप्ता शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे तो उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उन्हें और दूसरे पक्ष के लोगों को थाने में बैठा लिया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के कारण उनके शरीर पर कई जगह चोटें आई थीं और खून भी निकल रहा था, लेकिन इसके बावजूद उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। देर रात जब पीड़ित के परिजन थाने पहुंचे तो मामले को लेकर स्थिति और गंभीर हो गई। पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक पर अभद्र व्यवहार करने और जबरन समझौता कराने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। लव गुप्ता ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, मेडिकल परीक्षण और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर पुलिस का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
दातागंज इंस्पेक्टर पर अभद्रता, मारपीट और जबरन समझौता कराने का आरोप

6.7K views

























































































