बदायूं। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से यातायात माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने आमंत्रित छात्र-छात्राओं एवं आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने भी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की।इस दौरान बताया गया कि सरकार की ओर से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दुर्घटना रोकने के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में तीन-तीन सीसी टीमों का गठन किया गया है, जो यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रयास करेंगी।कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने का प्रावधान है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों को कैशलेस उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि आर्थिक अभाव या उपचार में देरी के कारण किसी की जान न जाए। लोगों से अपील की गई कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे न हटें और मानवता के नाते उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।सदर विधायक और एसएसपी ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट जरूर पहनें। लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। यातायात नियमों का पालन करके ही स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखा जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा एवं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ बदायूं में यातायात माह का शुभारंभ

6.6K views

























































































