बदायूं। शहर के रामलीला मैदान में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव एवं प्रदर्शनी का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में दिल्ली से आई सांस्कृतिक टीम ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। गीत-संगीत, नृत्य और धार्मिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया। समापन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपराओं एवं संस्कारों को जीवंत रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों से परिचित होने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। भाजपा सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि बदायूं की रामलीला महोत्सव की परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। समिति ने जिस समर्पण और उत्साह के साथ महोत्सव का आयोजन किया, वह सराहनीय है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सेवा, त्याग, मर्यादा और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से इन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई ऊर्जा मिलती है। रामलीला महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को संस्कारों और आदर्शों से जोड़ने का सशक्त मंच भी है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीपमाला गोयल ने कहा कि रामलीला महोत्सव बदायूं की पहचान और गौरव से जुड़ा आयोजन है। इसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सहभागिता हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति बढ़ते जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में रामलीला महोत्सव, श्रीराम बारात सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अपना सहयोग और योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। श्री रामलीला महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कांत ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं, कलाकारों, व्यापारियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महोत्सव की सफलता सभी के सामूहिक सहयोग, समर्पण और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रामलीला और श्रीराम बारात सहित सभी आयोजनों को सफल बनाने में शहर के लोगों ने जिस उत्साह से भागीदारी निभाई, वह सराहनीय है। समिति भविष्य में भी इसी तरह धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगी।
नगर पालिका के नामित औऱ निर्वाचित सभासदों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष अरविंद कांत, कोषाध्यक्ष रविनन्दन गुप्ता, मंत्री रवींद्र कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुनीश अग्रवाल, अनुपम प्रकाश, सोना गुप्ता, शलभ वैश्य, शरद वंसल, सार्थक गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अमर वैश्य ने किया।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्री रामलीला महोत्सव एवं प्रदर्शनी का भव्य समापन

6.8K views

























































































