बदायूं। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को ऑनलाइन जमा करने की अनिवार्यता समाप्त कर ऑफलाइन व्यवस्था लागू कराने की मांग को लेकर सोमवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर कोषागार स्थित पेंशनर्स भवन पर एकत्रित हुए पेंशनर्स ने धरना देने के बाद रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। सिटी मजिस्ट्रेट सुशील कुमार ने पेंशनर्स के प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त कर उसे संबंधित स्तर तक भेजने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मोहन स्वरूप गुप्ता ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री उपेंद्र उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के आयोजक एवं व्यवस्थापक इंजीनियर प्रमोद कुमार शर्मा रहे। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं प्रांतीय पर्यवेक्षक कवि माधव मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल ऑनलाइन जमा करने संबंधी आदेश निरस्त कर ऑफलाइन व्यवस्था लागू करे। उन्होंने कहा कि 70 से 80 और यहां तक कि 90 वर्ष तक के बुजुर्ग पेंशनर्स ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने में सक्षम नहीं हैं। अनेक पेंशनर्स एंड्रॉयड फोन चलाना तक नहीं जानते, जिसके कारण उनके चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल लंबित पड़े हैं। सरकार को बुजुर्ग पेंशनर्स की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझते हुए ऑफलाइन व्यवस्था बहाल करनी चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और सरकार को उनका आशीर्वाद प्राप्त हो। जिलाध्यक्ष मोहन स्वरूप गुप्ता ने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों और विधायकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लिए ऑफलाइन व्यवस्था है तो पेंशनर्स के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अनिवार्य क्यों की गई है? उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अमरनाथ यादव के नेतृत्व में पेंशनर्स के हितों की लड़ाई जारी रहेगी। प्रांतीय नेतृत्व की ओर से जो भी कार्यक्रम घोषित किया जाएगा, बदायूं जनपद के पेंशनर्स उसमें पूरी भागीदारी करेंगे। इस दौरान जिला मंत्री उपेंद्र उपाध्याय, जगदीश चंद तिवारी, रऊफ हुसैन सिद्दीकी, विश्व मोहिनी शुक्ला, मधुबाला जैन, विनोद पाल सिंह, शिक्षक नेता सुरेंद्र नाथ शर्मा, आशुतोष कुमार पाठक, रमाकांत भारद्वाज, रामप्रकाश सिंह राठौर और सत्येंद्र शाक्य ने भी विचार व्यक्त किए। रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में मुन्नी देवी, शकुंतला देवी, बदरून निशा, सर्वेश, रामनिवास वर्मा, मोहम्मद इदरीश, विजेंद्र पाल, पुत्तूलाल सक्सेना, इंजीनियर भूपाल सिंह, चंद्रप्रकाश जौहरी, हरिओम सक्सेना, इरफान हुसैन, प्रभाकर मिश्रा, आरके मिश्र (पूर्व खंड विकास अधिकारी), रूपकिशोर, सुधीर मिश्र, सतीश, चंद मिश्रा, सूबेदार सिंह, श्रीपाल सिंह, रामपाल सिंह, जेके सागर, सुखपाल शर्मा, प्रेमचंद, नवाब सिंह सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर ऑफलाइन व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों की ऑफलाइन व्यवस्था लागू कराने को पेंशनर्स ने भरी हुंकार,प्रदर्शन किया

6.8K views

























































































