बरेली । फतेहगंज पश्चिमी के कस्बे के मोहल्ला नौगवां और साहूकारा को जोड़ने वाली गली में सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। मास्टर मास्टर नेत्रपाल सिंह के मकान से वसंत कश्यप के मकान तक बनने वाली सीसी रोड का प्रस्ताव डूडा कार्यालय से स्वीकृत हुआ है। जो पिछले कई दिनों से गली में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके तहत फिलहाल नाली निर्माण कराया जा रहा है। नाली निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर मोहल्ले एवं गली के निवासी राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के उप सचिव ठाकुर उमेश सिंह, मास्टर नेत्रपाल सिंह, पूर्व सभासद ठाकुर उमेश सिंह, अमन पांडेय, आयुष श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, वीरपाल श्रीवास्तव, केशव, अनिल श्रीवास्तव और भाजपा नेत्री मंजू कोरी सहित दर्जनों लोगों ने विरोध जताया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुसार सीमेंट और बजरी का मिश्रण नहीं किया जा रहा है। इससे नाली की मजबूती और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। लोगों का कहना है कि निर्माण में पुरानी और गंदी ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर नाली की चौड़ाई भी कम रखी जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार पुरानी इंटरलॉकिंग सड़क को बिना उखाड़े ही उसके ऊपर सीसी रोड डालने की तैयारी कर रहा है। यदि ऐसा किया गया तो सड़क की गुणवत्ता और मजबूती प्रभावित हो सकती है तथा निर्माण कार्य जल्द ही खराब होने की आशंका रहेगी। इसको लेकर गली के लोगों ने सामूहिक रूप से संबंधित विभाग और अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और ठेकेदार को मनमानी करने से रोका जाए। साथ ही नाली और सीसी रोड का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से कराया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे और स्थानीय लोगों को भविष्य में परेशानी का सामना न करना पड़े। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग के अधिकारी स्थानीय लोगों की शिकायत पर कितना ध्यान देते हैं और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
सीसी रोड निर्माण से पहले नाली बनाने में मानकों की अनदेखी का आरोप, लोगों ने जताया विरोध

6.2K views

























































































