बरेली । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर में सोमवार को संस्थान का 48वां स्थापना दिवस समारोह, विराट कुक्कुट मेला एवं कुक्कुट कृषक संगोष्ठी उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, कुक्कुट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों एवं ग्रामीण लाभार्थियों ने भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति डॉ. सुमंत व्यास रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक (पशु उत्पादन एवं प्रजनन) डॉ. एच.के. नरूला उपस्थित रहे। इसके अलावा भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. एस.के. सिंह, ईडब्ल्यू न्यूट्रिशन दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक डॉ. शिरीष निगम तथा जनता फूड्स एंड हैचरीज के प्रबंध निदेशक एवं ब्रॉयलर ब्रीडर एसोसिएशन नॉर्थ के अध्यक्ष मोहित मलिक ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। संस्थान के निदेशक (कार्यवाहक) डॉ. जगबीर सिंह त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रगतिशील कुक्कुट उद्यमियों अब्बास रिजवी, सैयद फैज अहमद चिश्ती एवं वशिष्ठ राव को कुक्कुट पालन और हैचरी व्यवसाय में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार शंकर दास को भी पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
अनुसूचित जाति उपयोजना एवं जनजातीय उपयोजना के अंतर्गत स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने वाले लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान कुक्कुट पालन, बकरी पालन, सुअर पालन, सिलाई एवं सौर ऊर्जा जैसी गतिविधियों से जुड़े लाभार्थियों की उपलब्धियों को सराहा गया।
समारोह में संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। साथ ही संस्थान द्वारा विकसित सीमन डाइल्यूएंट तकनीक का राठी हैचरीज़ को 10 लाख रुपये में हस्तांतरण किया गया। मशरूम उत्पादन, हिन्दी स्मारिका-2026 तथा जैव प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक कुक्कुट उत्पादन पर प्रकाशित पुस्तक का भी विमोचन हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. सुमंत व्यास सहित अन्य अतिथियों ने वैज्ञानिक अनुसंधान को किसानों तक पहुंचाने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा कुक्कुट उद्योग में उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. संदीप सरन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान का 48वां स्थापना दिवस एवं विराट कुक्कुट मेला आयोजित

6.9K views

























































































