बरेली। किसानों की समस्याओं को लेकर सर्वजन आम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश भास्कर के नेतृत्व में मंगलवार को फरीदपुर में पैदल मार्च निकाला गया। लकी मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू हुआ मार्च तहसील पहुंचा, जहां किसानों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। मार्च में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश भास्कर ने कहा कि अत्यधिक बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। इसके बावजूद किसानों को समय पर राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें उठाई गईं। पहली, बारिश से बर्बाद हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराकर दीपावली से पहले प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। दूसरी, खेती के समय किसानों को पर्याप्त मात्रा में बीज और खाद उपलब्ध कराई जाए तथा जरूरत के अनुसार कृषि सामग्री पर राहत दी जाए। आवारा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत में गौशालाओं का निर्माण कराया जाए। फरीदपुर क्षेत्र में बंद पड़े धान क्रय केंद्रों को जल्द शुरू कराया जाए, जिससे किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर न बेचनी पड़े।
जयप्रकाश भास्कर ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं, तो उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाता है। उन्होंने कहा कि किसानों को भी समय पर आर्थिक सहायता और राहत मिलनी चाहिए। चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी किसानों के हित में बड़ा आंदोलन करेगी।
मार्च में चंद्रपाल, दिनेश दिवाकर पूर्व प्रधान, महेंद्र सिंह प्रधान, रघुवीर सिंह पूर्व प्रधान, अशोक सिंह पूर्व प्रधान, कुमारसेन प्रधान, सतपाल दिवाकर, कालीचरण दिवाकर, महिपाल सिंह दिवाकर, मुन्नालाल बीडीसी सदस्य, वीरपाल दिवाकर, रितेश कुमार, ओमप्रकाश दिवाकर, लक्ष्मण प्रसाद, अमरपाल चौधरी, श्रीराम एडवोकेट, डॉ. अनुज दिवाकर, सोहनलाल दिवाकर, रामपाल आचार्य, नत्थूलाल कश्यप, सोमपाल सचिव, एससी भास्कर और मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
किसानों के मुआवजे और समस्याओं को लेकर सर्वजन आम पार्टी का पैदल मार्च , दिया ज्ञापन

6.3K views

























































































