बरेली। समाजवादी पार्टी की ओर से महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व जिला उपाध्यक्ष नूतन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कन्याओं का तिलक लगाकर पूजन किया गया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया गया। समारोह में महिलाओं के साथ ही पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव रहे, जबकि अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने की। मंडल प्रभारी एवं शिक्षक एमएलसी जसवीर वाल्मीकि ने भी समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। मुख्य अतिथि शुभलेश यादव ने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र की आधारशिला हैं। किसी भी समाज की प्रगति इस बात से तय होती है कि वहां महिलाओं को कितना सम्मान, सुरक्षा, समानता और आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करने के साथ शिक्षा, रोजगार, राजनीति और सामाजिक नेतृत्व में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा सामाजिक न्याय और समानता की पक्षधर रही है। ऐसे आयोजन महिलाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि महिला सम्मान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपने व्यवहार और सामाजिक व्यवस्था का हिस्सा बनाना होगा। महिलाओं को बराबरी का अधिकार, सुरक्षित वातावरण और निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान देना समय की आवश्यकता है। आयोजक नूतन शर्मा ने कहा कि समारोह का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को पहचान देना, उनका उत्साह बढ़ाना और उनके सम्मान व अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व करने और समाज में बदलाव लाने की पूरी क्षमता है। उन्हें समान अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। जसवीर वाल्मीकि ने महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती में समर्पित कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का आधार है। समारोह में महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को भी उनके समर्पण और मेहनत के लिए सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर सुरेंद्र सोनकर, दिनेश यादव, रामप्रकाश यादव लल्ला, राजेश मौर्य, अरविंदर सिंह बेदी, मोहम्मद वसीम, जेनव फातिमा, स्मिता यादव, मिथलेश आर्या, मनीषा सक्सेना, शशि चंद्र, ममता सागर, हुरिया रहमान, पूनम श्रीवास्तव, कमलेश रत्नाकर, किरन सक्सेना, सचिन यादव, अमर काले वाल्मीकि, अश्वनी यादव, सचिन राज शर्मा, रोहित भारद्वाज, कुलबीर सिंह और सोनू पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सपा के महिला सम्मान समारोह में कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद

6.4K views

























































































