बदायूं। कैपिटल पब्लिक स्कूल में शारदीय नवरात्रि और दशहरे के पावन अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। धार्मिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने कागज, कार्डबोर्ड, आइसक्रीम स्टिक और चार्ट पेपर आदि की मदद से रावण के छोटे-छोटे मॉडल, माता रानी के चेहरे, चरण, त्रिशूल और तलवार सहित विभिन्न कलाकृतियां तैयार कीं। वहीं, नर्सरी से कक्षा दो तक के बच्चे भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण के स्वरूप में नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ आदिशक्ति माता रानी के चरणों की छाप लगाने की गतिविधि से हुआ। इसके माध्यम से बच्चों को माता रानी के प्रति श्रद्धा और भारतीय धार्मिक परंपराओं के महत्व से अवगत कराया गया। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने नवरात्रि के अवसर पर डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। रंग-बिरंगे पारंपरिक गुजराती परिधानों में सजी छात्राओं ने चनिया-चोली और लहंगों में अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं, छात्र कुर्ता-पायजामा पहनकर सजे हुए डांडिया के साथ नृत्य करते नजर आए। भक्ति गीतों पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा तीन की एक छात्रा द्वारा प्रस्तुत महिषासुर मर्दिनी नृत्य रहा। नन्ही छात्रा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से देवी दुर्गा की शक्ति और महिषासुर पर उनकी विजय का सजीव चित्रण किया। उसकी प्रस्तुति को खूब सराहना मिली। विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनू सिंह ने विद्यार्थियों को डांडिया नृत्य के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डांडिया गुजरात का प्रसिद्ध लोकनृत्य है, जो नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा की आराधना से जुड़ा है। इसकी परंपरा में देवी और महिषासुर के युद्ध का प्रतीकात्मक चित्रण किया जाता है। डांडिया नृत्य भगवान श्रीकृष्ण और राधा की रासलीला से भी प्रेरित माना जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को त्योहारों के माध्यम से अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने तथा जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद विद्यालय के मैदान में रावण दहन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को समझाया गया कि दशहरा अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य मीनू सिंह ने सभी को शारदीय नवरात्रि और विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि ये पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आएं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ममता सक्सेना, अमित जौहरी, पूनम यादव, रश्मि रानी, शीतेश गुप्ता, रूपा सक्सेना, प्रियंका भटनागर, दिव्या सिंह, कुमकुम, दीक्षा यादव, सृष्टि शर्मा, वंदना सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
कैपिटल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया नवरात्रि और दशहरे का पर्व

6.5K views

























































































