बदायूं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 11 छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर सोमवार को बदायूं में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने महिला जनाक्रोश प्रदर्शन किया। मालवीय आवास गृह पर बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुईं। उन्होंने कांग्रेस सांसद प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोईजम से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। महिलाओं ने आरोप लगाया कि मामले में गंभीर आरोप सामने आने के बावजूद कांग्रेस की ओर से सांसद के खिलाफ अपेक्षित कठोर कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को दोहरा रवैया अपनाने के बजाय निष्पक्षता और जवाबदेही का परिचय देना चाहिए। महिला भाजपा नेत्री दीपमाला गोयल ने कहा कि छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला बेहद गंभीर है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर महिला विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को अपने सांसद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय के सवाल पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ‘महिलाओं के सम्मान में, नारी शक्ति मैदान में’ जैसे नारों के माध्यम से महिला कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश व्यक्त किया।
महिला जनाक्रोश आंदोलन के तहत विभिन्न जिलों में प्रदर्शन कर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं। बदायूं में हुए प्रदर्शन के दौरान भी भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने संबंधित मामले में जवाबदेही तय करने और कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।
जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले को लेकर बदायूं में महिला जनाक्रोश,धरना, कांग्रेस सांसद के खिलाफ नारेबाजी

6.8K views

























































































