बदायूं। शारदीय नवरात्र में ग्राम जुगपुरा में विश्व हिंदू महासंघ की जिला इकाई बदायूं के कार्यालय का शुभारंभ किया गया। महासंघ के कार्यकर्ता भूदेव सिंह शाक्य की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बरेली मंडल प्रभारी प्रिंस देव शर्मा और जिला अध्यक्ष अंकित सिंह ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम में पहुंचे महासंघ के पदाधिकारियों का ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा और फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान गांव में जय श्रीराम के नारे लगाए गए। जिला प्रभारी विनोद भारद्वाज ने विश्व हिंदू महासंघ के उद्देश्यों और संगठन की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।बरेली मंडल प्रभारी प्रिंस देव शर्मा ने गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हिंदू एकता अभियान का उल्लेख करते हुए ‘जात-पात की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई’ का नारा दिया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और महासंघ की बदायूं जिला टीम के सदस्यों ने जाति के स्थान पर हिंदू लिखने का संकल्प लिया। वहीं, ग्रामीणों ने योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेने की बात भी कही। जिला अध्यक्ष अंकित सिंह ने अपने संबोधन में सनातन धर्म और हिंदुत्व की एकता पर जोर दिया। जिला कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं के संबोधन के दौरान ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित पाठक, बबलू शर्मा, जिला प्रभारी विनोद भारद्वाज, जिला अध्यक्ष अंकित सिंह, जिला महामंत्री महेश शाक्य, जिला महासचिव रामेश्वर दयाल राठौर, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, जिला सचिव इंद्रपाल, करणी सेना के जिला अध्यक्ष राजीव सिंह, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शिव कुमार, रामनाथ सिंह सूबेदार और कारोबारी अनूप सिंह सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
बदायूं में विश्व हिंदू महासंघ के कार्यालय का शुभारंभ, सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद

7K views

























































































