बदायूं। बदायूं क्लब में आयोजित सुर संगम संगीत कार्यक्रम में गीत-संगीत की ऐसी महफिल सजी कि श्रोता पुराने और नए गीतों की धुनों में खो गए। प्रसिद्ध पार्श्व गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की स्मृति को समर्पित इस आयोजन में स्थानीय गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बदायूं क्लब की कार्यकारिणी की पहल पर संचालित सुर संगम संगीत क्लब संगीत प्रेमियों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक सदस्य मंजुल शंखधार, अरुणा बिरला, करुणा रस्तोगी, शशि गुप्ता, कुसुम रस्तोगी, सरोज रस्तोगी, मीता रस्तोगी और रागिनी रस्तोगी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने कहा कि जनपद के साहित्यप्रेमी जिलाधिकारी अवनीश राय और संगीतप्रेमी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के संरक्षण में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला लगातार आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही शहर में संगीत और संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाना है। कार्यक्रम में डॉ. अक्षत अशेष ने ‘नीले-नीले अंबर’ और ‘छूकर मेरे मन को’ गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। सह सचिव अनूप रस्तोगी ने ‘ओ मेरे दिल के चैन’ सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, जबकि ब्लॉक प्रमुख धीरज सक्सेना ने ‘मेरे दिल में आज क्या है’ गीत से महफिल में रंग जमा दिया। नवोदित गायक शिव ओम शर्मा ने ‘मंजिलें अपनी जगह हैं’, प्रशांत दीक्षित ने ‘रूप तेरा मस्ताना’, विशाल शर्मा ने ‘कोई हसीना जब रूठ जाती है तो’, अजय कुमार ने ‘जिंदगी के सफर में’, पवन वर्मा ने ‘चेहरा है या चांद खिला’, अनुज सक्सेना ने ‘ये शाम मस्तानी’ और अश्वनी ने ‘तुम आ गए हो’ गीत प्रस्तुत किया। प्रशांत सक्सेना और डीएस चौहान ने भी अपनी गायकी से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। किशोर कुमार के सदाबहार गीतों के साथ अन्य गीतों की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी गायकों को सम्मानित किया गया। सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने उपस्थित अतिथियों, कलाकारों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कवि माधव मिश्रा, नीरज शर्मा, दीपक सक्सेना, नरेश शंखधार, सपना रस्तोगी, मंजू शर्मा, रुपेन्दर सिंह लांबा, डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, नितिन गुप्ता, राहुल चौबे, पंकज शर्मा, आलोक पाठक, प्रदीप शर्मा, सुमित मिश्रा, रितु शर्मा, सुशील शर्मा सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।
बदायूं क्लब में सुरों ने बांधा समां, किशोर कुमार के गीतों से गूंजा सुर संगम

6.2K views

























































































