बदायूं : भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्वावधान में ब्लाक संसाधन केंद्र दातागंज में चल रहे प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्य समापन हुआ। स्काउट-गाइड ने तंबुओं का शहर बसाया। कैंप फायर में गूंजे स्वागत गीत—‘आने वाले अतिथि का स्वागत है, स्वागत है’ ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। भारत माता टोली प्रथम रही। मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि युवा राष्ट्र की महाशक्ति है। श्रेष्ठ नागरिक के रूप में देश की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहे। उन्होंने तंबुओं का निरीक्षण किया। बच्चों के कार्यों की प्रशंसा की। सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर बरेली मंडल बरेली प्रीति कुमारी ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में निस्वार्थ सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व गुण विकसित करती है। शिविर में सीखे कौशल को विद्यार्थी जीवन में उतारें और जरूरतमंदों की हमेशा मदद करें। जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि स्काउट-गाइड चुनौतियों का सामना करने, संकट में धैर्य बनाए रखने और समाजसेवा के माध्यम से असंभव कार्य को भी संभव कर दिखाते हैं। जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग जीवन जीने की कला के साथ विपरीत परिस्थितियों में आगे बढ़ना सिखाती है। शिविर में भारत माता टोली प्रथम, रानी लक्ष्मीबाई टोली द्वितीय रही। स्काउट वर्ग नेता जी सुभाष चन्द्र बोस टोली प्रथम, महात्मा गांधी द्वितीय और एपीजे अब्दुल कलाम टोली तृतीय स्थान पर रही। विजेता टोलियों को सम्मानित किया गया। जिला स्काउट मास्टर सुदेश चंद्र, जिला गाइड कैप्टन ज्योति सक्सेना और कंचन सक्सेना के मार्गदर्शन में बच्चों ने कैंप फायर के दौरान लघु नाटिका, सामूहिक नृत्य, समूहगान और एकांकी की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। तंबुओं की साज-सज्जा और आकर्षक प्रस्तुतियों ने समापन समारोह में चार चांद लगा दिए। मुख्य अतिथि अतेंद्र विक्रम सिंह, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री माधव सिंह, प्रधान गुड्डू यादव, मोहम्मद राशिद कादरी, गेंदनलाल, दीपक ने शिविर का निरीक्षण किया।
इस मौके पर शिक्षक सत्यवीर सिंह, पुष्पेंद्र कुमार सिंह, शाहीन परवीन, सपना गुप्ता, अंशू मिश्रा आदि मौजूद रहीं।
प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भव्य समापन

6.6K views

























































































