बदायूं। डी पॉल एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा संचालित डी पॉल स्कूल में विद्यार्थियों एवं विद्यालय कर्मचारियों को बाल यौन अपराधों से संरक्षण संबंधी कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दो दिवसीय पॉक्सो (POCSO) सेंसिटाइजेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य की रक्षा के साथ-साथ विद्यालय से जुड़े सभी कर्मचारियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना रहा। कार्यक्रम के प्रथम दिन एक अक्टूबर को विद्यालय के समस्त शिक्षक, परिवहन व्यवस्था से जुड़े ड्राइवर एवं हेल्पर, सुरक्षा गार्ड तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेंट फिडेलिस स्कूल, अलीगढ़ के प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय संस्था आइनेक्स के उपाध्यक्ष फादर डॉ. रॉबर्ट वर्गीज रहे। उन्होंने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन एवं वीडियो के माध्यम से बच्चों के साथ होने वाले विभिन्न प्रकार के अपराधों, पीड़ित विद्यार्थियों की पहचान, उनकी सहायता के तरीकों तथा पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत बनाए गए कानून और दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक फादर पॉल ने स्मृति चिह्न भेंट कर फादर डॉ. रॉबर्ट वर्गीज को सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर अजिन पॉल ने जागरूकता कार्यक्रम के लिए समय देने और सभी को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने पर फादर रॉबर्ट वर्गीज के प्रति आभार व्यक्त किया।
गांधी-शास्त्री जयंती पर निकाली पॉक्सो जागरूकता रैली
दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन दो अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिला जज सुश्री रिंकू के नेतृत्व में विद्यालय के कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने पॉक्सो एक्ट जागरूकता रैली निकाली। प्रधानाचार्य फादर अजिन पॉल द्वारा विशेष रूप से तैयार कराए गए पॉक्सो जागरूकता संबंधी प्लेकार्ड लेकर विद्यार्थियों ने रैली में हिस्सा लिया और बाल सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता के नारे लगाए।
मुख्य अतिथि सुश्री रिंकू ने विद्यार्थियों को पॉक्सो कानून की जानकारी देते हुए ‘गुड टच और बैड टच’ के बारे में समझाया तथा बच्चों को किसी भी असहज अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में जागरूक रहने और विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद विद्यालय के विभिन्न हाउस के बीच सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न गीतों पर विद्यार्थियों ने आकर्षक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्रा तरूब सयैदा ने मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
डी पॉल स्कूल में दो दिवसीय पॉक्सो जागरूकता कार्यक्रम हुआ, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को प्रावधानों की दी जानकारी

6.6K views

























































































