बदायूं। राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने भी पुष्प अर्पित कर दोनों महापुरुषों को नमन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया।
कार्यक्रम में सर्वधर्म समभाव की भावना को प्रमुखता देते हुए विभिन्न धर्मों के मूल मंत्रों एवं धार्मिक ग्रंथों का सस्वर पाठ किया गया। डॉ. बबीता यादव ने गीता, डॉ. जुनेद आलम ने कुरान, डॉ. ज्योति विश्नोई ने बाइबिल तथा डॉ. सारिका शर्मा ने गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ किया। डॉ. राजधन ने ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’ का 100 स्वर पाठ कर बौद्ध धर्म के सत्य, अहिंसा एवं विश्व शांति के संदेश को प्रस्तुत किया।
प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए…’ तथा डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम…’ का सामूहिक सस्वर गान कराया। छात्र जुबेर मिर्जा बेग ने स्वरचित शायरी के माध्यम से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। छात्र शिव कुमार ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवियों ने सेवा संकल्प एवं नशा मुक्ति की शपथ ली और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। एनसीसी कैडेट्स ने श्रमदान करते हुए आवास विकास कॉलोनी में स्वच्छता अभियान चलाया।
इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार, डॉ. संजीव राठौर, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. ज्योति विश्नोई, डॉ. सरिता यादव, डॉ. राशीदा खातून, डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. सारिका शर्मा, वीर बहादुर सिंह, शिवम भारती, पवी मिश्रा, महिमा भारती सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राजकीय महाविद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सर्वधर्म समभाव का संदेश

6.3K views

























































































