बरेली। आंवला थाना पुलिस ने गांव मनौना के आगे स्थित एक बंद पड़े भट्टे पर छापा मारकर अवैध शस्त्र निर्माण के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार बनाते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध हथियार तैयार करने के साथ ही इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर हथियार बेचते थे और कई जिलों में उनकी सप्लाई करते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में निर्मित एवं अर्द्धनिर्मित हथियार तथा शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि कल रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मनौना गांव के आगे बंद पड़े भट्टे पर कुछ लोग अवैध हथियारों का निर्माण कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापा मारा। पुलिस को देखकर वहां मौजूद आरोपियों में हलचल मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेन्द्र प्रताप सिंह, रजत प्रताप सिंह उर्फ शंकर, रामगोपाल और अवधेश के रूप में हुई है। चारों आरोपी बदायूं जनपद के रहने वाले बताए गए हैं। तलाशी के दौरान मौके से 12 देशी तमंचे 315 बोर, एक पौनिया, एक देशी रायफल, एक जिंदा कारतूस, सात लोहे की नाल, ट्रिगर, स्प्रिंग तथा अवैध शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। पुलिस की पूछताछ में रामगोपाल और अवधेश द्वारा अवैध तमंचे बनाने तथा पुराने हथियारों की मरम्मत करने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। वहीं पुलिस के अनुसार योगेन्द्र प्रताप सिंह और रजत प्रताप सिंह उर्फ शंकर तैयार हथियार खरीदकर उन्हें अधिक कीमत में बेचने का काम करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने किन-किन लोगों को हथियार बेचे और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस ने मौके से एक ब्रेजा कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन की जांच से हथियारों की बिक्री और सप्लाई से जुड़े संपर्कों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करने और हथियारों की बिक्री किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
आंवला पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अवैध हथियारों के नेटवर्क और उनकी सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
बरेली में इंस्टाग्राम के जरिए हथियारों की सप्लाई,बदायूँ के चार लोग गिरफ्तार, बंद पड़े भट्टे में चल रही थी अवैध शस्त्र फैक्ट्री

7K views

























































































