बदायूं। मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण आयोजन किया गया। देशभर के विद्या भारती विद्यालयों के साथ विद्यालय में भी विद्यार्थियों, अभिभावकों, आचार्यों एवं अतिथियों ने एक साथ, एक स्वर और एक लय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक स्वर से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम में 3500 से अधिक लोगों की गरिमामयी सहभागिता रही। देश के विभिन्न विद्या भारती विद्यालयों में एक साथ आयोजित सामूहिक गायन के इस आयोजन को ऐतिहासिक सहभागिता के रूप में देखा गया। आयोजकों ने कहा कि इतने व्यापक स्तर पर एक साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन देश की एकता, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का प्रभावशाली संदेश है। विशाल सामूहिक गायन का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होना विद्यालय परिवार एवं सभी सहभागियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय बताया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमृतपाल सिंह ने की। उन्होंने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह राष्ट्रगीत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना के इतिहास में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, प्रबंध समिति के सदस्यों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं आचार्य परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम का सफल आयोजन सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश कुमार ने किया। आयोजन में विवेक कुमार सक्सेना, सतीश चंद्र यादव, राजकुमार सिंह सेंगर, दिनेश कुमार शर्मा, अनुज पटेल, हिमांशु उपाध्याय, शैलेंद्र सिंह, अशोक कुमार, जगतपाल सिंह समेत विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार मौजूद रहा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर बदायूं में गूंजा राष्ट्रगीत, 3500 से अधिक लोगों ने एक स्वर में किया सामूहिक गायन

7.1K views

























































































