बरेली। साइकिल चोरी होने के बाद पढ़ाई के लिए परेशान हो रही गरीब आईटीआई छात्रा की फरियाद पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उसे नई साइकिल उपलब्ध कराई। डीएम की इस पहल से छात्रा को पढ़ाई के लिए आने-जाने में बड़ी राहत मिली है। मामला राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास का है। यहां रहकर आईटीआई की पढ़ाई कर रही छात्रा नीतू की साइकिल कुछ दिन पहले छात्रावास परिसर से चोरी हो गई थी। नीतू आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है और स्कूल, आईटीआई संस्थान व लाइब्रेरी आने-जाने के लिए साइकिल पर ही निर्भर थी। साइकिल चोरी होने के बाद उसे रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर जाना पड़ रहा था। इससे उसकी पढ़ाई के साथ-साथ समय भी प्रभावित हो रहा था।समस्या से परेशान नीतू ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी फरियाद सुनाई। जिलाधिकारी ने छात्रा की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा को नई साइकिल उपलब्ध करा दी। नई साइकिल मिलने पर छात्रा के चेहरे पर खुशी लौट आई। छात्रा ने जिलाधिकारी और प्रशासन का आभार जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद छात्र-छात्रा की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।