श्री राधा अष्टमी महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब, राधे-राधे के जयघोष से गूंजा सोहम् गीता मंदिर
बदायूं। सोहम् गीता मंदिर में श्री राधा अष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ढोल-नगाड़ों और राधे-राधे के जयघोष के बीच श्री राधा रानी को मंदिर परिसर में विराजमान कराकर किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे।
महोत्सव के दौरान महिलाओं ने गोपी स्वरूप में सजकर श्री राधा रानी के सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर महिलाओं के मनमोहक नृत्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बच्चों ने भी श्री राधा रानी के स्वरूप की आकर्षक झांकी प्रस्तुत करने के साथ मनमोहक नृत्य किया। उनकी प्रस्तुतियों को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। इसके पश्चात आचार्य त्रिलोक कृष्ण मुरारी ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री राधा रानी का अभिषेक कराया। अभिषेक कार्यक्रम में श्रीमती साधना मनोज रस्तोगी, दीपिका अमित रस्तोगी, दीप्ति दीपांक रस्तोगी, हर्षिता नितिन, वंदना नीरज, रूपम मनोज गुप्ता, ज्योति गोपाल रस्तोगी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। अभिषेक के उपरांत श्री राधा रानी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद भव्य आरती का आयोजन हुआ। आरती के दौरान मंदिर परिसर राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से श्री राधा रानी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। इसके बाद बधाई सामग्री का वितरण किया गया तथा श्री राधा रानी को भोग प्रसाद अर्पित किया गया।
महोत्सव के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बनी रही। निरंतर गूंजते राधे-राधे के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों से वातावरण देर रात तक भक्तिमय बना रहा। श्री राधा अष्टमी महोत्सव ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद और भक्ति की गहन अनुभूति कराई।
















































































