बरेली। पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने गुरुवार को बरेली परिक्षेत्र के चारों जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, आगामी चुनाव की तैयारियों और आईजीआरएस पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बरेली और बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पीलीभीत और शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक शामिल रहे। डीआईजी ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया समय से पूरी करने, सभी जनपदों में चुनाव सेल गठित करने, मतदान और मतगणना स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के ठहरने की व्यवस्था, अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय सीमाओं पर पुलिस बल की तैनाती, शस्त्र जमा कराने और लंबित गैर जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामीला कराने को कहा।
आईजीआरएस की समीक्षा में शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर पीलीभीत के सुनगढ़ी और माधोटांडा तथा शाहजहांपुर के जलालाबाद, कलान और तिलहर थाना प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, क्षेत्राधिकारी जलालाबाद से स्पष्टीकरण मांगा गया।
डीआईजी ने हत्या, लूट, डकैती, वाहन चोरी, महिला अपराध और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा वांछित और इनामी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई तथा अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने सीसीटीएनएस पर लंबित विवेचनाओं का निस्तारण, ई-साक्ष्य ऐप के अधिकाधिक उपयोग, ई-समन की समय से तामीला और यक्ष ऐप पर शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा। मिशन शक्ति फेज-6.0, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी, भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। विस्फोटक सामग्री और पटाखों की दुकानों की नियमानुसार सघन जांच कराने को भी कहा गया।
चुनाव की तैयारियों और अपराध नियंत्रण को लेकर डीआईजी ने की समीक्षा, कई थाना प्रभारियों पर जांच के निर्देश

6.4K views

























































































