बदायूँ। डी पॉल एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा संचालित डी पॉल स्कूल, बदायूं में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा ईश वंदना से किया गया। इसके बाद बच्चों ने प्रार्थना गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर अजिन पॉल, प्रबंधक फादर पॉल एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् स्व. डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कक्षा 11 की छात्रा छवि गौर ने हिंदी में तथा कक्षा 9 की छात्रा अलवीना हारून ने अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत किया। केजी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने मैडले गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत करते हुए अपनी शिक्षिकाओं को मंच पर आमंत्रित किया और उन्हें पुष्प अर्पित कर सम्मानित किया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान एवं उनके योगदान को दर्शाती एक नाटिका भी प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक फादर पॉल ने अपने संबोधन में शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यार्थियों के जीवन निर्माण और समाज के विकास में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। कक्षा 11 के छात्र राम आर्यन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय की ओर से शिक्षकों के लिए बुक बैलेंसिंग, ब्लाइंड फोल्ड क्रॉसवॉक सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य फादर अजिन पॉल एवं प्रबंधक फादर पॉल ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार वितरित कर सम्मानित किया।