बरेली। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर इनर व्हील क्लब बरेली जुपिटर द्वारा आर्य समाज अनाथालय में बच्चों के साथ स्नेह और अपनत्व से भरा रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब की सदस्याओं ने बच्चों को राखी बांधी, तिलक लगाया और उनकी सुख-समृद्धि व दीर्घायु की कामना करते हुए फल एवं मिठाई खिलाई। इस अवसर पर बच्चों के लिए मनोरंजक खेल और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। क्लब की ओर से बच्चों को ड्राइंग बुक, रंग, खिलौने और अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष अध्यक्ष सक्सेना और ऊर्जा प्रेस क्लब के अध्यक्ष पवन सक्सेना भी शामिल हुए। क्लब अध्यक्ष रचना सक्सेना ने उन्हें राखी बांधकर फल-मिठाई खिलाई और आशीर्वाद बनाए रखने का आग्रह किया। अतिथियों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य और जीवन में निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में रचना सक्सेना, अंजलि, झरना, दीपाली, प्रीति, नीलम साहनी, सुनीता, कामाक्षी और पायल सहित क्लब की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन में बच्चों और सदस्याओं ने मिलकर रक्षाबंधन की खुशियां मनाईं।