बरेली। सावन के चौथे सोमवार पर बरेली में गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल देखने को मिली। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, ब्रज क्षेत्र की ओर से किला क्रॉसिंग के सामने पुलिस चौकी के निकट कांवड़ यात्रियों और शिव भक्तों के सम्मान में स्वागत, जलपान एवं पौधा वितरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रहे। उन्होंने कांवड़ यात्रियों को फल, जूस और पानी वितरित किया तथा पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मंत्री ने सेवा शिविर की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा ही सच्ची शिव भक्ति है।शिविर का संयोजन अभियान के महानगर संयोजक एवं भाजपा अल्पसंख्यक नेता शानू काजमी ने किया। कार्यक्रम के संयोजक शानू काजमी, हरप्रीत सिंह गोलू और अरबाज खान रहे। इस अवसर पर हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोगों ने मिलकर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम में सिख समाज के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी काला सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह, पूर्व पार्षद महेश पंडित, हाजी अजहर अब्बास नकवी, आजादार काजमी, डॉ. असद जैदी, बाकर जैदी, अतीक अहमद, इस्लाम खान, मोहम्मद कासिम, तकी रजा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शानू काजमी ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने मिलकर कांवड़ियों का स्वागत कर एकता और भाईचारे का संदेश दिया, जबकि गुरप्रीत सिंह ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को दोहराया।