बरेली। शिवसेना नाथ नगरी बरेली द्वारा श्रावण मास के अवसर पर आबनखंडी नाथ मंदिर में छठी शिव महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। शिवसेना वर्ष 2004 से लगातार शिव महाआरती और सात नाथ परिक्रमा का आयोजन करती आ रही है। कार्यक्रम की शुरुआत शिवसैनिकों ने भगवान शिव के रुद्राभिषेक से की। इसके बाद “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच महाआरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंडल उपाध्यक्ष नवीन सक्सेना ने कहा कि श्रावण मास भगवान महादेव की आराधना का सबसे पावन समय है। उन्होंने सभी लोगों से परिवार सहित शिव भक्ति में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी शैलेन्द्र नंद महाराज उपस्थित रहे। उनके साथ राजीव पांडे, संतोष सिंह, जितेंद्र भदौरिया, मुकेश चौहान, विश्व प्रताप, आयुष वर्मा सहित सैकड़ों शिवसैनिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।