बरेली। बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि समेत छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी छात्र सभा और फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को कॉलेज प्रशासन से वार्ता की। समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल, पूर्व छात्र संघ महामंत्री हृदेश यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद फरहान अली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अनावश्यक फीस वृद्धि, नियम-विरुद्ध अतिरिक्त शुल्क, वोकेशनल कोर्स की बढ़ी फीस और नगर निगम टैक्स के नाम पर छात्रों से की जा रही वसूली का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधियों ने सवाल किया कि कॉलेज पर बकाया नगर निगम टैक्स की राशि छात्रों से किस नियम और अधिकार के तहत वसूली जा रही है। उन्होंने शुल्क से संबंधित आदेश और प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की।प्राचार्य के अवकाश पर होने के कारण उप प्राचार्य डॉ. वंदना शर्मा ने प्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि फीस और अन्य शुल्कों से जुड़े सभी सवालों का विस्तृत जवाब प्राचार्य की मौजूदगी में दिया जाएगा। इसके लिए 27 अगस्त को पुनः वार्ता का समय निर्धारित किया गया है। पूर्व छात्र संघ महामंत्री हृदेश यादव ने कहा कि छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रशासन से सभी शुल्कों पर पारदर्शी जवाब मांगा जाएगा। महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल ने कहा कि छात्रों के अधिकारों के लिए संगठन लगातार संघर्ष करेगा। संतोषजनक समाधान नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। वार्ता में अभिषेक यादव, दीपक यादव, संजय मेवाती, किशन यादव समेत समाजवादी छात्र सभा और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।