बदायूँ। बिनावर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के निर्देशन में समस्त दवा विक्रेताओं की ओर से कांवड़ियों के निशुल्क उपचार एवं औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया गया। नगर स्थित श्री साईं मेडिकल स्टोर पर लगाए गए शिविर का उद्घाटन खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ सीएल यादव, औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद एवं केमिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शिव स्वरूप गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।इस दौरान अतिथियों का शाल एवं फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। शिविर में कांवड़ लेकर गुजर रहे शिवभक्तों को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जरूरत के अनुसार कांवड़ियों को आवश्यक दवाएं भी निशुल्क वितरित की गईं। दवा विक्रेताओं ने कांवड़ियों की सेवा को अपना सामाजिक दायित्व बताते हुए पूरे सहयोग के साथ शिविर में सेवाएं दीं। शिविर के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ सीएल यादव, औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद, केमिस्ट एसोसिएशन जिलाध्यक्ष शिव स्वरूप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में दवा विक्रेता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।