उझानी-बदांयू।थाना उझानी क्षेत्र के राजनगर कॉलोनी में चोरों ने अनोखी वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर के बाहर खड़ी पिकअप के पीछे के दोनों पहिए खोल ले गए और पिकअप को ईंटों के सहारे खड़ी छोड़कर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार राजनगर कॉलोनी निवासी अतहर पुत्र मौहम्मद उमर की पिकअप रोज की तरह घर के बाहर खड़ी थी। बीती रात अज्ञात चोरों ने मौका पाकर पिकअप के पीछे लगे दोनों पहियों को खोल लिया। इतना ही नहीं चोर गाड़ी में रखी एक स्टेपनी, डेक, रस्सा और जैक-पाने समेत औजार भी चोरी कर ले गए।चोरी के बाद चोर पिकअप को ईंटों के सहारे खड़ा कर गए ताकि किसी को शक न हो। सुबह जब परिजनों की नींद खुली और बाहर निकल कर देखा तो पिकअप ईंटों पर खड़ी थी और पहिए गायब थे। यह देख परिजनों के होश उड़ गए।पीड़ित ने बताया कि चोरी गए सामान की कीमत करीब 60 हजार रुपये है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित ने थाना उझानी में तहरीर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी खंगालने की बात कही है। वहीं घटना के बाद से कॉलोनी के लोगों में दहशत है।