बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के दियोरिया बोहरा गांव में कछला से जल लेकर लौटे 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर युवक को घर बुलाकर लाठी-डंडे और बांस से बेरहमी से पीटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। गंभीर रूप से घायल युवक ने दोपहर जिला अस्पताल से बदायूं के एक निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है।दियोरिया बोहरा गांव निवासी जितेंद्र (24) गांव के लोगों के साथ कछला से जल लेने गया था। परिजनों के मुताबिक जल लेकर लौटने के बाद गांव के ही अजब सिंह ने उसे शाम करीब छह बजे अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां विवाद के बाद अजब सिंह, प्रवेंद्र , धर्मवीर और हरिचंद्र सिंह ने जितेंद्र के साथ मारपीट की।मृतक के भाई रजनीश का आरोप है कि आरोपियों ने जितेंद्र को बांस और डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। जिस स्थान पर मारपीट की जा रही थी, वहां हैरो खड़ा था। आरोप है कि मारपीट के दौरान हैरो की चपेट में आने से जितेंद्र के पैर का पंजा कट गया और गर्दन में भी गंभीर चोट आई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। शुक्रवार को हालत गंभीर होने पर परिजन जितेंद्र को जिला अस्पताल से बदायूं के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।जितेंद्र दो भाइयों में छोटा था और खेती-बाड़ी करता था। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।