बदायूँ। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मौर्य कॉलोनी, गांव गुलड़िया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान गीता (28) पत्नी अभय के रूप में हुई है।मृतका के पिता शिशुपाल निवासी परसिया, कोतवाली बिसौली ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी से ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग किया करते थे। साथ ही बच्चे न होने को लेकर उसे आए दिन ताने दिए जाते थे। आरोप है कि शुक्रवार रात ससुरालियों ने गीता की गला घोंटकर हत्या कर दी।परिजनों के मुताबिक अभय और गीता की शादी 19 नवंबर 2020 को हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। मामले में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।