बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव शेखनगला में उस समय सनसनी फैल गई, जब दोस्तों से मिलने घर से निकले कक्षा पांच के 12 वर्षीय छात्र का शव करीब पांच घंटे बाद गांव के बाहर सरकारी ट्यूबवेल नंबर 102 के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सहसवान थाना क्षेत्र के गांव वाजीरपुर निवासी 12 वर्षीय शैलेश पुत्र शैतान सिंह इन दिनों अपनी ननिहाल मुजरिया थाना क्षेत्र के शेखनगला गांव में अपनी मां उमेश के साथ रह रहा था। वह मुजरिया कस्बे के एक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद शाम के समय शैलेश गांव के बाहर स्थित एक खोखे पर अपने साथियों से मिलने के लिए गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर ननिहाल के परिजनों को चिंता हुई। करीब दो-तीन घंटे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात करीब 10 बजे खोजबीन के दौरान शैलेश गांव के बाहर सरकारी ट्यूबवेल नंबर 102 के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला।छात्र का शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। शैलेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।