बिसौली (बदायूं)। राजकीय महाविद्यालय, बिसौली में 20 अगस्त 2026 को महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. सपना भारती की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सद्भावना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।इस अवसर पर प्राचार्या ने कहा कि राष्ट्रीय सद्भावना दिवस मनाने का उद्देश्य समाज में एकता, अखंडता, भाईचारे और सद्भावना की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरे भारत में सभी धर्मों, भाषाओं और क्षेत्रों के लोगों के बीच आपसी प्रेम एवं सहयोग ही देश की प्रगति का आधार है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और महाविद्यालय के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, सद्भावना तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। प्राचार्या ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज में शांति, समानता और भाईचारे का संदेश फैलाएं तथा देश के विकास में सक्रिय योगदान दें।कार्यक्रम का संचालन डॉ पारुल रस्तोगी एवं डॉ मंजूषा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।