बरेली। थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक सांड और वध करने के उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना बिथरी चैनपुर पुलिस टीम ने परसोना नहर से पहले दबिश दी। मौके से जुनेद निवासी कुतुब शाह की जारत थाना बारादरी, राशिद निवासी जगतपुर गोटिया थाना बारादरी, नसीम निवासी परसोना तथा मोहम्मद फजर निवासी परसोना को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में नसीम और राशिद के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके से मोहम्मद कासिम कुरैशी निवासी मोहल्ला कोर्ट थाना बारादरी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गोवंशीय पशु उन्हें शाकिर खान निवासी परसोना ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।