बरेली। फरीदापुर इनायत खान स्थित वल्लभभाई पटेल ग्राम सचिवालय में गुरुवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने महिलाओं और बालिकाओं को निशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए।इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के महत्व पर जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य के साथ-साथ बालिकाओं की पढ़ाई और आत्मविश्वास के लिए भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मासिक धर्म को लेकर कई भ्रांतियां और संकोच हैं। इन्हें दूर करने के लिए जागरूकता जरूरी है। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने में किसी तरह की झिझक न करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही सेनेटरी पैड के सही इस्तेमाल और सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी। कार्यक्रम में पोषण, स्वच्छ पानी और नियमित स्वास्थ्य जांच को लेकर भी जागरूक किया गया। ग्रामवासियों ने डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं और बालिकाओं में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।