बरेली। वार्ड 18 स्थित विष्णु मंदिर के प्रांगण में हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने गीत, भजन और मनोरंजक खेलों में प्रतिभा दिखाते हुए जमकर आनंद लिया।कार्यक्रम की मुख्य आयोजक एवं पार्षद सुधा सक्सेना ने महिलाओं को मोतियों की माला पहनाकर एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह अलग-अलग मोती एक धागे में पिरोकर सुंदर माला बनाते हैं, उसी तरह महिलाएं एकजुट होकर कार्य करें तो सफलता अवश्य मिलती है।मुख्य अतिथि महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे और विशिष्ट अतिथि महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष नीलम जेठा रहीं। नीना गुप्ता ने महिलाओं से तीज से संबंधित करीब 40 प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने वाली महिलाओं को उपहार प्रदान किए। पुष्पा पांडे के सौजन्य से करीब 100 महिलाओं को गंगाजली भी भेंट की गई।महिलाओं ने विभिन्न खेलों में उत्साह से हिस्सा लिया। विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भोजन और स्नैक्स का आनंद लिया। आयोजन में भावना जोशी, लता सारस्वत, पूनम उपाध्याय, पुष्पा लाभ्यान, गीता देवी, बिंदु मिश्रा, प्रेमा बिष्ट, सीमा शर्मा, भाग्यवती और आराधना शर्मा सहित अन्य महिलाओं का सहयोग रहा। पार्षद सुधा सक्सेना ने सभी का आभार व्यक्त किया।