बरेली। श्रीराम मूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज चार जुलाई को स्वास्थ्य सेवा के 24 वर्ष पूरे कर 25वें वर्ष में प्रवेश करेगा। इस अवसर पर संस्थान चार दिवसीय युवा स्वास्थ्य मेले का आयोजन करेगा, जिसमें कई स्वास्थ्य जांचें निशुल्क तथा अनेक विशेष जांचें 50 प्रतिशत रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएंगी।एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन आदित्य मूर्ति ने बताया कि संस्थान ने शुरुआत से ही कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि बरेली, रुहेलखंड, उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों के मरीज गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब लखनऊ और दिल्ली के बजाय एसआरएमएस पर भरोसा जता रहे हैं।उन्होंने बताया कि संस्थान में 100 बेड का आरआर कैंसर इंस्टीट्यूट, 110 बेड की अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट, रोबोटिक सर्जरी सेंटर तथा बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी एसआरएमएस लगातार देश के शीर्ष मेडिकल कॉलेजों में स्थान बनाए हुए है। आउटलुक हेल्थकेयर रैंकिंग-2026 में इसे उत्तर प्रदेश का दूसरा सर्वश्रेष्ठ मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल चुना गया है।वर्तमान में एसआरएमएस में प्रतिदिन 1200 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। संस्थान में हृदय, कैंसर, किडनी, न्यूरो एवं अन्य सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं अत्याधुनिक तकनीक के साथ संचालित हो रही हैं। संस्थान का कहना है कि मरीजों का बढ़ता विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।