बदायूँ। वैश्य गरिमा मंच के तत्वावधान में दानवीर भामाशाह जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को बदायूँ मेडिकल कॉलेज एवं जिला पुरुष चिकित्सालय में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष शिवस्वरूप गुप्ता, युवा प्रदेश अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता तथा नगराध्यक्ष भगवान स्वरूप गुप्ता (भोले) ने किया। इस अवसर पर युवा प्रदेश अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जन्म 19 अप्रैल 1547 को मेवाड़ में हुआ था। उन्होंने हल्दीघाटी के युद्ध के बाद महाराणा प्रताप को अपनी संपूर्ण संपत्ति दान कर लगभग 25 हजार सैनिकों की सेना तैयार कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके त्याग और सहयोग ने महाराणा प्रताप के संघर्ष को नई शक्ति प्रदान की। उन्होंने कहा कि भामाशाह जयंती के अवसर पर क्षत्रिय और वैश्य समाज की एकता एवं आपसी सम्मान का संदेश पूरे समाज तक पहुंचना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष शिवस्वरूप गुप्ता ने कहा कि दानवीर भामाशाह के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार को उनकी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करना चाहिए। नगराध्यक्ष भगवान स्वरूप गुप्ता (भोले) एवं सर्वेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अब समय आ गया है कि समस्त वैश्य समाज संगठित होकर अपने अधिकारों और समाजहित के मुद्दों पर जागरूकता के साथ आगे आए। कार्यक्रम में गिरधारी सिंह, जिला जज पेशकार संजीव कुमार, विशाल गुप्ता, मानव गुप्ता, रमन पटेल, अखिलेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों को खाद्य सामग्री वितरित कर सेवा और सहयोग का संदेश दिया गया।