बरेली। शहर के सबसे व्यस्ततम चौपला ओवरब्रिज पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कार्य की धीमी रफ्तार और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों को जमकर फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।गौरतलब है कि चौपला ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते 90 दिनों के लिए आवागमन बंद किया गया है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि पुल पर बेहद धीमी गति से काम किया जा रहा है और मरम्मत में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो सीमेंट का सही तरीके से उपयोग किया जा रहा है और न ही पर्याप्त संख्या में मजदूर लगाए गए हैं। मात्र पांच मजदूरों के सहारे कार्य की औपचारिकता पूरी की जा रही है। विधायक संजीव अग्रवाल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि चौपला ओवरब्रिज उनकी विधानसभा ही नहीं बल्कि पूरे शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुल बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने इंजीनियरों को अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर पुल को आम जनता के लिए खोलने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि यदि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।