बरेली। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जिलाध्यक्ष चौधरी सोमवीर सिंह के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने फर्जी ऋण, खाद की कालाबाजारी, बिजली संकट, आवारा पशुओं और गन्ना भुगतान समेत कई मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगरिया विक्रम सहकारी समिति में करीब 100 किसानों के खातों में फर्जी ऋण दर्ज कर दिए गए हैं। किसानों को इसकी जानकारी वर्षों तक नहीं दी गई और ऋणमाफी योजना का लाभ भी नहीं मिला। भाकियू ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। किसानों ने कहा कि खाद विक्रेता निर्धारित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध नहीं करा रहे हैं तथा अन्य उत्पाद खरीदने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने सभी दुकानों पर स्टॉक और मूल्य सूची प्रदर्शित करने की मांग की। बिजली की लगातार ट्रिपिंग से सिंचाई कार्य प्रभावित होने की शिकायत करते हुए रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की गई। ज्ञापन में आवारा पशुओं से बढ़ रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्हें गौशालाओं में भेजने की मांग की गई। साथ ही बहेड़ी केशर मिल और नवाबगंज चीनी मिल पर गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को जल्द दिलाने की मांग उठाई गई। किसानों ने बीडीए द्वारा कृषि भूमि अधिग्रहण पर भी आपत्ति जताई और चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान राजेंद्र , हाजी मोहम्मद इकबाल , आमिर राजा , गजेंद्र सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।