बरेली । डोहरा रोड स्थित श्री गुलाबराय माण्टेसरी स्कूल के जूनियर विंग परिसर में चल रहे ‘लिटिल एक्सप्लोरर्स’ समर कैंप 2026 का शनिवार को अत्यंत भव्य और रंगारंग समापन हो गया। समापन समारोह के दौरान बच्चों ने कैंप में सीखी विधाओं का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।समारोह का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और उनकी कलाकृतियों की प्रदर्शनी रही। डांस एवं ग्रूव स्टूडियो के नन्हे कलाकारों ने मंच पर आधुनिक बीट्स पर थिरकते हुए अपनी डांस परफॉर्मेंस से सबका दिल जीत लिया। वहीं, नेचर आर्ट मैजिक के तहत बच्चों द्वारा प्रकृति के तत्वों से बनाई गई जादुई कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे आगंतुकों ने खूब सराहा। लाइफ स्किल्स और ज़ेन किड्स योगा के अनुभवों को भी बच्चों ने बेहद उत्साह के साथ साझा किया।मुख्य अतिथि और विद्यालय के प्रधानाचार्य शील सक्सेना ने कैंप के सफल आयोजन पर बच्चों और स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन सात दिनों में बच्चों ने पढ़ाई के तनाव से दूर रहकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा को निखारने का काम किया है। समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।कैंप की संयोजक देवयानी मदान ने कैंप की सफलता की रिपोर्ट पेश की। उन्होंने कहा कि बच्चों की ऊर्जा और हर दिन कुछ नया सीखने की ललक ने इस कैंप को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य शील सक्सेना और संयोजक देवयानी मदान ने कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी नन्हे प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जूनियर विंग का समस्त स्टाफ और अभिभावकगण मुख्य रूप से मौजूद रहे।