बदायूँ। राजकीय महाविद्यालय, बदायूँ के गणित विभाग के शोधार्थी एवं उप प्राचार्य डॉ अनिल कुमार का शोध पत्र असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सचिन कुमार के निर्देशन में विश्वप्रसिद्ध एससीआई-इंडेक्स्ड जर्नल इंटरनेशनल जर्नल ऑफ मॉडलिंग, सिमुलेशन एंड साइंटिफिक कंप्यूटिंग (वर्ल्ड साइंटिफिक) में प्रकाशित हुआ है।शोध कार्य में टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी ऑफ मेक्सिको के प्रो. जे.एफ. गोमेज़-अगुइलार व यूनिवर्सिटी ऑफ ग्वानजुएटो के प्रो. एडुआर्डो पेरेज़-कारेटा के साथ अन्तरराष्ट्रीय सहयोग रहा। जिसमें राजकीय महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ गौरव कुमार सिंह एवं शोध छात्र पारस वार्ष्णेय का भी सहयोग रहा।”न्यूमेरिकल सिमुलेशन ऑफ अ टाइम-फ्रैक्शनल मैरिज–डिवोर्स मॉडल यूजिंग बर्नस्टीन न्यूरल नेटवर्क्स “ शीर्षक से प्रकाशित शोधपत्र में कैपुटो फ्रैक्शनल डेरिवेटिव और बर्नस्टीन न्यूरल नेटवर्क्स के माध्यम से विवाह व तलाक से जुड़ी सामाजिक गतिशीलता का उन्नत संख्यात्मक मॉडल प्रस्तुत किया गया है। अध्ययन दर्शाता है कि फ्रैक्शनल कैलकुलस आधारित मॉडल सामाजिक व्यवहारों में दीर्घकालिक स्मृति प्रभावों को समझने में प्रभावी हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने शोधकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के उत्कृष्ट अकादमिक व शोध विकास के प्रति सतत प्रयास का प्रतिफल है।