बी.आई.एम.टी. कॉलेज में लगा जॉब फेयर, छात्रों को मिली बड़ी सौगात
बदायूँ। बी.आई.एम.टी. कॉलेज में शनिवार को एक भव्य जॉब फेयर का आयोजन किया गया, जिसमें अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान किए गए। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए। कार्यक्रम के दौरान 72 से अधिक छात्र-छात्राओं को स्पॉट ऑफर लेटर दिए गए, जिससे चयनित विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय निदेशक अक्षज रस्तोगी, आशीष सिंधल और विकास आहूजा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्किल और सही अवसर का होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जॉब फेयर छात्रों और कंपनियों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।रोजगार मेले में बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.कॉम (रेगुलर एवं ऑनर्स) तथा बी.एससी. (बायो, मैथ और होम साइंस) के अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुल 262 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कर विभिन्न कंपनियों के समक्ष इंटरव्यू दिए।

जॉब फेयर में हीरो मोटर्स, होंडा मोटर्स, टीवीएस मोटर्स, टेक्नोडिवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, मुथूट माइक्रोफिन, एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज, आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक, बंधन बैंक और श्रीराम फाइनेंस सहित कई कंपनियों ने हिस्सा लिया।
इंटरव्यू प्रक्रिया के दौरान कंपनियों के एचआर अधिकारियों ने विद्यार्थियों को रिज्यूमे बिल्डिंग, इंटरव्यू स्किल्स और इंडस्ट्री की वर्तमान आवश्यकताओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। चयनित छात्र-छात्राओं ने कहा कि कॉलेज की इस पहल से उन्हें अपने ही शहर में इतना बड़ा अवसर मिला है, जिससे अब नौकरी के लिए महानगरों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा।महाविद्यालय के प्लेसमेंट अधिकारी एवं डीन अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य प्रत्येक छात्र को उसकी योग्यता के अनुरूप रोजगार दिलाना है और भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन जारी रहेगा।कार्यक्रम के अंत में चीफ प्रोक्टर एवं जॉब फेयर व्यवस्थापक सौरभ सक्सेना ने सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस जॉब फेयर को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।















































































