बरेली। पिछले नौ वर्षों से जिला अस्पताल में गरीब और असहाय लोगों के लिए भोजन व्यवस्था संचालित कर रही समर्पण एक प्रयास संस्था को अब नई सुविधा मिली है। संस्था के कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए खंडेलवाल लेडिस क्लब द्वारा अस्पताल परिसर में टीन शेड का निर्माण कराया गया तथा पंखों का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन कैंट विधायक संजीव अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी ममता अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह तथा डॉ. मधु गुप्ता भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन रोहित राकेश ने किया।संस्था के अध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनकी संस्था पिछले 9 वर्षों से प्रतिदिन जिला अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही है। बरसात के दौरान भोजन वितरण में काफी दिक्कत होती थी। इसकी जानकारी मिलने पर खंडेलवाल लेडिस क्लब ने स्वेच्छा से टीन शेड और पंखों की व्यवस्था कराई, जिससे सेवा कार्य बिना बाधा के जारी रह सकेगा। संस्था के महामंत्री सर्वेश अग्रवाल ने बताया कि संस्था का यह अभियान समाज के सहयोग से निरंतर चल रहा है। कई लोग अपने जन्मदिन और शादी की वर्षगांठ के अवसर पर यहां भोजन वितरण कराते हैं, जिससे यह सेवा लगातार जारी रहती है। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने संस्था के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी लोगों को ऐसे प्रयासों में सहयोग करना चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। वहीं ममता अग्रवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति में नर सेवा को ही नारायण सेवा कहा गया है और संस्था इसी भावना को साकार कर रही है।कार्यक्रम के दौरान आशी सिंह निवासी फतेहगंज पश्चिमी को चित्र खंडेलवाल के सहयोग से व्हीलचेयर भी प्रदान की गई।इस मौके पर रागिनी अग्रवाल, बीना खंडेलवाल, सरिता खंडेलवाल, अरूणा खंडेलवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।