बदायूं। प्रदेश के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी), ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों एवं जिला पंचायत अध्यक्षों के हित में सदस्य विधान परिषद (एमएलसी) बागीश पाठक ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है।मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में एमएलसी बागीश पाठक ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान समय में अनेक विकास परियोजनाएं और जनहित से जुड़ी योजनाएं विभिन्न चरणों में संचालित हैं, जिनकी निरंतरता बनाए रखने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि कार्यकाल में वृद्धि होने से अधूरे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का अवसर मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को और मजबूती मिलेगी तथा पंचायत व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।एमएलसी बागीश पाठक ने मुख्यमंत्री से जनहित और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों एवं जिला पंचायत अध्यक्षों के कार्यकाल विस्तार को लेकर सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया है।प्रदेश के लाखों पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़े इस मुद्दे को काफी अहम माना जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने एमएलसी की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।