बरेली। श्री विष्णु बाल सदन जूनियर हाई स्कूल कालीबाड़ी में शुक्रवार सुबह 8 बजे समर कैम्प का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।समर कैम्प के पहले दिन नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरों की खुशी देखते ही बन रही थी। मस्ती, डांस और विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों के बीच बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। खास बात यह रही कि नर्सरी के बच्चे बिना पढ़ाई और बैग के स्कूल पहुंचकर बेहद खुश नजर आए।कैम्प का आकर्षण केवल स्कूली बच्चों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास की लड़कियां और महिलाएं भी सिलाई, ब्यूटीशियन और मेहंदी प्रशिक्षण सीखने के लिए पहुंचीं। वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 135 बताई गई है, जिसके आगे और बढ़ने की संभावना है।\विद्यालय प्रबंधन के अनुसार समर कैम्प के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।अंत में प्रधानाचार्या मंजू खत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कैम्प बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का कार्य करते हैं और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।